कोरबा। जिले के पांचों विकासखंडों के जनपद सदस्यों ने क्षेत्रीय विकास की गति को तेज करने के लिए मोर्चा खोल दिया है। जनपद सदस्य संघ ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से प्रतिवर्ष प्रत्येक जनपद सदस्य को 25-25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग की है। इस संबंध में संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें प्रमुखता से रखीं।
जनपद निधि को बताया अपर्याप्त
कलेक्टर को सौंपे गए मांगपत्र में संघ ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में मिलने वाली जनपद निधि क्षेत्रीय विकास के लिए नाकाफी साबित हो रही है। एक जनपद सदस्य के निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत औसतन तीन से पांच ग्राम पंचायतें आती हैं। ऐसे में सीमित बजट के कारण ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं और विकास कार्यों को पूरा करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संघ का कहना है कि डीएमएफ मद से अतिरिक्त संसाधन मिलने पर ही गांवों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा सकेंगे।
शासी परिषद की बैठकों में हिस्सा लेने की मांग
वित्तीय सहायता के साथ-साथ जनपद सदस्य संघ ने जिला खनिज न्यास की शासी परिषद की बैठकों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। संघ का कहना है कि जनपद सदस्य सीधे तौर पर ग्रामीण जनता से जुड़े हैं और उनकी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। इसलिए डीएमएफ के तहत होने वाले निर्णयों और विकास कार्यों की योजना में संघ द्वारा चयनित प्रतिनिधियों को शामिल किया जाना चाहिए ताकि जनहित में सही फैसले लिए जा सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से दोनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

7974214821











