कोरबा। रजगामार इलाके से 19 अक्टूबर को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 7 वर्षीय मासूम भव्या जोशी की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तीन दिनों तक बच्ची की तलाश के बाद चौथे दिन उसका शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल से मिले सुरागों और पुलिस डॉग ‘बाघा’ की मदद से संदेही तक पहुंच बनाई।
जानकारी के मुताबिक सक्ती जिले के फगुरम निवासी प्रकाश जोशी करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ रजगामार आया था और करीम पोल्ट्री फार्म में काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। 19 अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे उसकी 7 वर्षीय बेटी भव्या घर से पास की किराना दुकान जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रजगामार क्षेत्र में कैंप लगाकर बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस डॉग बाघा ने बच्ची के संभावित रास्ते का संकेत दिया और नदी के पास जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस टीम ने नदी, जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शुरुआती तौर पर बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
चौथे दिन झाड़ियों में मिला शव, मौके पर पहुंचा पुलिस का पूरा अमला
गुरुवार सुबह करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तत्काल रजगामार पहुंचे। उनके साथ एएसपी लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी और रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस डॉग बाघा को भी दोबारा जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों और आसपास की परिस्थितियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई।
‘बाघा’ पहुंचा संदेही के घर तक
जांच में पुलिस डॉग बाघा की भूमिका अहम साबित हुई। बताया जा रहा है कि शव मिलने वाले स्थान से सुराग तलाशते हुए बाघा रजगामार के रावणभाठा स्थित एक मकान तक पहुंचा। वहां एक महिला मौजूद थी, जबकि पुलिस को एक व्यक्ति के वहां से गायब होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी पर बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय उर्फ अमित चौहान (42), पिता बाबूलाल, निवासी सेक्टर-5, बालको नगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की दो शादियां हुई थीं और उसकी दूसरी पत्नी रजगामार क्षेत्र के रावणभाठा में रहती है। आरोपी अक्सर उससे मिलने रजगामार आता था।
पुलिस का आरोप है कि घटना वाले दिन भी आरोपी रजगामार आया था। इसी दौरान उसने मासूम को निशाना बनाया और उसके साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।

7974214821










