जांजगीर-चांपा: जिले के चांपा स्थित ग्राम सिवनी में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित यह कार्यक्रम शासकीय हाई स्कूल सिवनी और सरस्वती शिशु मंदिर सिवनी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर ग्रामवासियों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सामूहिक वंदे मातरम गायन में भाग लिया। गायन की गूंज से पूरा मैदान देशभक्ति के माहौल में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान वक्ताओं ने वंदे मातरम के 150 साल के ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और ग्रामीणों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। तत्पश्चात, राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

7974214821












