कोरबा/बिलासपुर | 26 मार्च 2026 ब्यूरो रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) का अभियान जारी है। इसी कड़ी में आज बिलासपुर एसीबी की टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) में बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरही रेंज के रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता अजीत कुमार वैष्णव (निवासी लोरमी) ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2025 में वह अपने साथियों के साथ सुरही रेंज घूमने गया था। वहां एयर गन के साथ बनाई गई उनकी एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी, जिसके बाद वन विभाग ने उन पर कार्रवाई की थी। इस मामले में अजीत और उसके साथी 18 दिन जेल में भी रहे और उनका वाहन जप्त कर लिया गया था।
जेल से छूटने के बाद, जब प्रार्थी ने केस का चालान जल्द पेश करने और जप्त वाहन को छुड़ाने के लिए डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव से संपर्क किया, तो रेंजर और डिप्टी रेंजर ने इसके एवज में 70,000 रुपये की रिश्वत मांगी।
ट्रैप बिछाकर की गई गिरफ्तारी
एसीबी बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद आज ट्रैप की योजना बनाई गई।
- स्थान: मित्र मिलन रेस्टोरेंट, कोटा।
- कार्रवाई: प्रार्थी जैसे ही रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये लेकर पहुंचा, वहां मौजूद डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव ने पैसे लिए।
- गिरफ्तारी: मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने मनीष श्रीवास्तव को धर दबोचा। घटना स्थल पर रेंजर पल्लव नायक भी उपस्थित थे, जिनकी संलिप्तता और रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर उन्हें भी हिरासत में लिया गया।
कानूनी कार्रवाई
एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की निम्नलिखित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:
- मनीष श्रीवास्तव (डिप्टी रेंजर): धारा 7
- पल्लव नायक (रेंजर): धारा 7, 12
एसीबी की अपील: बिलासपुर एसीबी इकाई पिछले 2 वर्षों में अब तक 45 सफल ट्रैप कार्रवाइयां कर चुकी है। विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी सूचना एसीबी कार्यालय में दें।

7974214821

