कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस सघन चेकिंग अभियान और विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है। टीम ने अलग-अलग इलाकों से कुल 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर और 1 टीपर को जप्त किया है।
कहाँ-कहाँ हुई कार्रवाई और क्या हुआ जप्त?
खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध रेत, गिट्टी और मिट्टी के खेल को उजागर किया। जप्त किए गए वाहनों का विवरण इस प्रकार है:
- बरमपुर: अवैध रेत का परिवहन करते हुए 1 ट्रैक्टर जप्त।
- सर्वमंगला चौकी क्षेत्र: गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 2 हाइवा जप्त (चौकी अभिरक्षा में सुरक्षित)।
- राताखार: मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 1 टीपर पर कार्रवाई।
- जरहा जेल (बरमपुर): बसाहट समतलीकरण के नाम पर बिना वैधानिक अनुमति के मिट्टी का उत्खनन करने पर मौके से 4 चैन माउंटेन (पोकलेन) मशीनें जप्त कर सील की गईं।
- गेवरा बस्ती: मुरुम का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर जप्त (कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में)।
- नरईबोध: ईंट भट्ठे से ईंट का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर जप्त।
- इन्दलभाटा (तरदा): मिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर जप्त।
- उरगा क्षेत्र: मिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 चैन माउंटेन और 3 हाइवा को जप्त कर सील किया गया।
राजस्व क्षति को रोकना और कड़ा संदेश देना मुख्य उद्देश्य
खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और शासन के राजस्व की क्षति को रोकना है।
“अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम’ तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिले में यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। — खनिज विभाग, कोरबा
सभी जप्त वाहनों और मशीनों को नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थानों और खनिज जांच चौकियों की सुरक्षा अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

7974214821













