कोरबा। कोरबा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र के चर्चित चंद्रमणि रात्रे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी न सिर्फ हत्या, बल्कि क्षेत्र में हुई एक बड़ी डकैती और पत्रकार के साथ बलवा मामले में भी संलिप्त था।
बोलेरो से कुचलकर की थी हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जमनीपाली साकेत कॉलोनी निवासी प्रार्थी शुभम सिंह बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 06-07 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से बोलेरो वाहन से कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026, धारा 109, 103(1), 3(5) (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
50 सीसीटीवी और 100 लोगों से पूछताछ के बाद मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। साइबर सेल और पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए घटना स्थल और आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसके साथ ही 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। ह्यूमन इंटेलिजेंस और पुख्ता इनपुट्स के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही।
आरोपी का विवरण और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कड़ारी (थाना बाराद्वार, जिला सक्ती) का रहने वाला है और वर्तमान में एम-299 विकास नगर कुसमुंडा में रह रहा था।
स्वीकारोक्ति: पुलिसिया पूछताछ में कुणाल ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर चंद्रमणि की हत्या करना कबूल किया है। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो वाहन (क्रमांक CG-12 BD-5025) को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बालगी डकैती कांड में भी था शामिल
पुलिस की विवेचना में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी कुणाल साहू उसी रात थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बालगी में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। इस डकैती मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनके पास से वेन्यू कार व स्कूटी जब्त की जा चुकी है। कुणाल की गिरफ्तारी से इस डकैती कांड का भी पूरी तरह पटाक्षेप हो गया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल (न्यायिक रिमांड) भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और साक्ष्यों की तलाश में जुटी है।
सुरक्षित कोरबा के लिए पुलिस की अपील
“अपराध और अपराधियों से जुड़ी किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सूचना तत्काल पुलिस को दें। आम जनता की सजगता ही ‘सुरक्षित कोरबा’ के निर्माण में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगी।”— कोरबा पुलिस

7974214821


