जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के होनहार फुटबॉल खिलाड़ी और मानका पब्लिक स्कूल, चांपा (कक्षा 12वीं) के छात्र स्पर्श पांडे ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर परचम लहराया है। स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एंड प्रमोशन फेडरेशन (SDPF) द्वारा आयोजित इंडो-नेपाल अंडर-17 फुटबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्पर्श ने अपने शानदार प्रदर्शन से भारत के साथ-साथ पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
भारत और नेपाल के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को 4-1 के बड़े अंतर से मात देकर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।
12 सफल पास और 1 असिस्ट: जीत में निभाई अहम भूमिका
मैच के दौरान स्पर्श पांडे ने पूरे समय मैदान पर डटे रहकर टीम की रणनीति को मजबूती दी। उन्होंने मैच में 12 सफल पास और 1 शानदार असिस्ट दर्ज कर भारत की जीत की पटकथा लिखी। उनके इस उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की कोचों, साथी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की।
जिले और प्रदेश में खुशी की लहर
स्पर्श की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जांजगीर-चांपा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में जश्न का माहौल है। जिले के विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और खेल संगठनों ने उन्हें बधाई दी है।
अपनी इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पर्श पांडे ने इसका श्रेय अपने माता-पिता (मनमोहन पांडेय एवं महिमा पांडेय), अपने कोच, विद्यालय परिवार और वरिष्ठजनों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।
स्पर्श पांडे की यह सफलता जिले के अन्य उभरते युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है।

7974214821







