रक्तदान एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में 10 वर्षों से उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान
रायपुर जांजगीर चांपा। वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 20 सितंबर को रायपुर स्थित विमतारा सभागार में युवा अभिव्यक्ति समारोह सह युवा गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले 50 युवाओं को आमंत्रित कर “युवा गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि वित्त विभाग, रायपुर की उप संचालक श्रद्धा सुमन एक्का थीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संतोष सोनकर, डॉ. अंशुली कलश एवं डॉ. उपेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र शर्मा ने की।
कार्यक्रम का मंच संचालन वक्ता मंच के राजेश पराते ने किया, जबकि आयोजन का संयोजन वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने किया। समारोह के दौरान सारंगढ़ के युवा कवि विजय कोसले द्वारा लिखित पुस्तक “आईना” का विमोचन भी किया गया।
10 वर्षों से रक्तदान एवं स्वास्थ्य सेवा में योगदान
सिवनी चांपा के रिंकू अग्रवाल को रक्तदान एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विगत 10 वर्षों से उल्लेखनीय योगदान देने के लिए युवा गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सामाजिक क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे युवाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें कत्थक, दंत चिकित्सा, व्यवसाय, नवाचार, कुश्ती, जैव विविधता संरक्षण, फोटो जर्नलिज्म, नर्सिंग, पत्रकारिता, पर्यावरण लेखन, खेल, रक्तदान, लोक कला, मीडिया अध्ययन, जल संरक्षण, छत्तीसगढ़ी लोक साहित्य, एडवेंचर टूरिज्म, भरतनाट्यम, शास्त्रीय संगीत, राष्ट्रीय खेल, महानदी संरक्षण आंदोलन, समाज सेवा, गोंड आर्ट, भरथरी, लेखन, काव्य पाठ, छात्र आंदोलन तथा छत्तीसगढ़ी भाषा को शासकीय स्तर पर स्थापित करने के प्रयास जैसे विभिन्न क्षेत्र शामिल रहे।
सम्मान को गुरुजनों और परिवार को किया समर्पित
सम्मान प्राप्त करने के बाद रिंकू अग्रवाल ने इसे अपने गुरुजनों, माता-पिता, परिवार एवं मित्रों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से वे समाजहित में कार्य कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी निरंतर समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरणा देने वाला साबित होगा।
रिंकू अग्रवाल को मिले इस सम्मान पर अंकित अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, मनोज गोयल, बबिता अग्रवाल, भारती मोदी, विवेक श्रीवास्तव, शिवम अग्रवाल, महेश राठौर सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

7974214821











