कोरबा / दीपका:
दीपका नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 01 (सोमवारी बाजार, प्रेमनगर) में पिछले डेढ़ महीने से जारी अघोषित बिजली कटौती और हाफ लाइन की गंभीर समस्या से त्रस्त वार्डवासियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। भीषण गर्मी और उमस से बेहाल नागरिकों ने वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल के नेतृत्व में दीपका बिजली दफ्तर का घेराव किया और कनिष्ठ अभियंता (JE) को लिखित ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह का कड़ा अल्टीमेटम दिया।
“एक हफ्ते में सुधार नहीं तो होगी पूर्ण तालाबंदी”
वार्डवासियों ने विभागीय अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बदहाल बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कर सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो समस्त वार्डवासी बिजली कार्यालय की पूर्ण तालाबंदी और उग्र घेराव करेंगे। नागरिकों ने स्पष्ट किया कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
पार्षद का आरोप: करोड़ों के ठेके के बाद भी जनता बेहाल, हो रहा आर्थिक शोषण
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल ने विभागीय कार्यप्रणाली पर भेदभाव का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा:
“हमारे वार्ड के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। हर मूलभूत समस्या के लिए जनता को संघर्ष करना पड़ रहा है। राज्य सरकार हर साल व्यवस्था सुधारने के नाम पर करोड़ों रुपए का ठेका देती है, लेकिन ठेकेदारों के गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। एक तरफ बिजली गायब है, वहीं दूसरी तरफ अनाप-शनाप बिल भेजकर जनता का आर्थिक शोषण किया जा रहा है।”
उमस और मच्छरों से रात की नींद हराम, हादसे की आशंका
प्रदर्शन में शामिल श्यामबाई, चवन बाई पटेल, सरस्वती कैवर्त्य, आशा सिंह, और रोमा बाई सहित अन्य महिलाओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि एक महीने से अधिक समय से उमस और मच्छरों के कारण रात की नींद हराम हो चुकी है।
महिलाओं ने बताया कि घर के पुरुष जब दिनभर हाड़-तोड़ मेहनत कर लौटते हैं, तो रात को सो नहीं पाते। इसके चलते अगले दिन काम के दौरान उन्हें झपकी आती है, जिससे कार्यस्थलों (विशेषकर खदान व भारी उद्योगों वाले क्षेत्र में) कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लेकिन संवेदनहीन विभाग को नागरिकों की जानमाल की कोई परवाह नहीं है।
ये रहे उपस्थित
विरोध प्रदर्शन और लिखित अल्टीमेटम सौंपने के दौरान मुख्य रूप से पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल के साथ चमेली पटेल, लता उरांव, सीमा श्रीवास्तव, बीना चौहान, संजू सिंह सहित भारी संख्या में वार्ड की महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

7974214821


