बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उडेला-पौसरी रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो पुलिस आरक्षकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में दोनों जवानों की जान चली गई है।

जानकारी के मुताबिक, आरक्षक धर्मेंद्र यादव (आरक्षक क्रमांक 377) और प्रशांतधर दीवान (आरक्षक क्रमांक 809) एक ही बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के सिलसिले में बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उडेला-पौसरी मार्ग पर उनकी बाइक और ट्रेलर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना वीभत्स था कि ट्रेलर का पिछला पहिया दोनों आरक्षकों के ऊपर से गुजर गया।
एक आरक्षक की मौके पर ही मौत: धर्मेंद्र यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल ले जाते समय दूसरे की मौत: प्रशांतधर दीवान को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही अंतिम सांस ली।
CCTV में कैद हुई घटना, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
इस पूरी घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले ट्रेलर को जब्त कर लिया है।
आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले इन जवानों की आकस्मिक मृत्यु ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

7974214821

