रायपुर | छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने सदन में जानकारी दी है कि ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी (RHEO) के रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग ने अपनी हरी झंडी दे दी है।
विधायक बालेश्वर साहू के सवाल पर मंत्री का जवाब
विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने प्रदेश में उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत रिक्त पदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि प्रदेश में ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के कितने पद स्वीकृत हैं और पिछले 4 वर्षों में भर्ती के लिए क्या प्रयास किए गए हैं।
इस प्रश्न का लिखित उत्तर देते हुए कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने भर्ती की वर्तमान स्थिति स्पष्ट की।
मंत्री नेताम द्वारा प्रस्तुत जानकारी के अनुसार:
कुल स्वीकृत पद: 633
वर्तमान में रिक्त पद: 232
भर्ती रुकने का कारण: वित्त निर्देश 12/2020 के तहत मितव्ययिता और वित्तीय अनुशासन के कारण सीधी भर्ती पर लगी रोक।
मंत्री ने बताया कि साल 2019 के बाद से इन पदों पर नई भर्ती नहीं हो पाई थी क्योंकि इसके लिए वित्त विभाग की विशेष अनुमति अनिवार्य थी।
लगातार कोशिशों के बाद 12 दिसंबर को मिली अनुमति
विभाग द्वारा पिछले कुछ वर्षों में रिक्त पदों को भरने के लिए कई बार प्रस्ताव भेजे गए। सदन में दी गई जानकारी के मुताबिक, 2023 से लेकर 2025 तक कुल सात बार (06.09.2023, 20.08.2024, 03.01.2025, 27.02.2025, 21.05.2025, 29.08.2025 और 25.11.2025) वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था।
अंततः, 12 दिसंबर 2025 को वित्त विभाग ने 232 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कब शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया?
भर्ती की समय सीमा को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि फिलहाल भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। हालांकि, उन्होंने कोई निश्चित समय सीमा बताने में असमर्थता जताई, लेकिन वित्त विभाग की मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही विज्ञापन जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

7974214821

