बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और कोरबा के बीच रिश्तों और धोखेबाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मैट्रिमोनियल साइट के जरिए दोस्ती कर एक युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया और बिलासपुर के एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर युवती से नगदी और जेवरात समेत करीब 8 लाख रुपये की ठगी भी की है।
मैट्रिमोनियल साइट से शुरू हुई प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी 22 वर्षीय युवती ने शादी के लिए एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। साल 2023 में उसकी मुलाकात जांजगीर-चांपा निवासी पवन यादव से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने भविष्य में शादी करने का फैसला किया।
होटल में बनाया शारीरिक संबंध
तोरवा थाना टीआई अभय बैस ने बताया कि साल 2024 में आरोपी पवन यादव ने युवती को मिलने के लिए बिलासपुर बुलाया। यहाँ तोरवा क्षेत्र के एक होटल में उसने शादी का वादा कर युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार युवती को बिलासपुर बुलाता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
नौकरी का लालच देकर की लाखों की ठगी
शादी का झांसा देकर आरोपी ने युवती का विश्वास जीत लिया था। इसी का फायदा उठाकर उसने युवती को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच दिया।
नगद राशि: आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में युवती से 3 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए।
जेवरात: पैसों की और जरूरत बताकर उसने युवती से सोने का हार, चूड़ी और चेन जैसे कीमती गहने ले लिए, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने काटा संपर्क
जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो पवन यादव ने टालमटोल शुरू कर दी। हद तो तब हो गई जब उसने युवती का फोन उठाना ही बंद कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस कर पीड़िता ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई: तोरवा पुलिस ने आरोपी पवन यादव के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।

7974214821

