कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रतीक जैन ने जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र पोड़ी उपरोड़ा के अंतर्गत आने वाले कई गांवों का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जटगा, पसान, अमलीकुंडा, बिनझरा, कापूबहरा, सिंघिया, कोरबी एवं तुमान में विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया।
सीईओ ने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने साफ कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के मुख्य बिंदु: किस पंचायत में क्या देखा?
- ग्राम पंचायत अमलीकुंडा व कोरबी-सिंघिया: निर्माणाधीन आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवन का निरीक्षण कर कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
- ग्राम पंचायत बिनझरा (गोबर गैस संयंत्र): स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्थापित बायोगैस संयंत्र का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से बात कर इसके संचालन व उपयोगिता की जानकारी ली।
- कचरा प्रबंधन पर जोर: बिनझरा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) के तहत निर्मित कचरा संग्रहण शेड का निरीक्षण किया। सीईओ ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से कचरा संकलन व्यवस्था पर चर्चा करते हुए एसएलडब्ल्यूएम नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
- ग्राम पंचायत कापूबहरा: रीपा (RIPA) का निरीक्षण कर कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और वृक्षारोपण के लिए चिन्हित स्थल को देखा।
- सिंघिया में डस्टबिन अनिवार्य: सामुदायिक शौचालय का जायजा लिया और स्थानीय दुकानदारों से चर्चा की। उन्होंने दुकानों में चार प्रकार के डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए।
- ग्राम पंचायत तुमान: अटल डिजिटल सेवा केंद्र तथा निर्माणाधीन स्कूल भवन का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीएम आवास के हितग्राहियों को किया प्रेरित
ग्राम पंचायत जटगा, पसान और सिंघिया में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों के हितग्राहियों से सीधे बातचीत की और उन्हें तत्काल निर्माण कार्य शुरू कर जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
“शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारी नियमित रूप से मैदानी भ्रमण करें और निर्माण कार्यों की सतत निगरानी रखें।”— प्रतीक जैन, सीईओ, जिला पंचायत कोरबा
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरे के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ भूपेंद्र सोनवानी, एसडीओ, सब इंजीनियर, तकनीकी सहायक सहित जनपद पंचायत के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

7974214821


