कटघोरा | कोरबा जिले के कटघोरा स्थित व्यस्ततम तहसील चौक पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार एंबुलेंस ने स्कूटी सवार युवक-युवती को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों लोग सड़क पर काफी दूर जा गिरे।
कुसमुंडा के रहने वाले हैं घायल
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, घायल युवक और युवती कुसमुंडा क्षेत्र के निवासी हैं। वे किसी निजी काम से कटघोरा आए हुए थे। जैसे ही वे तहसील चौक के समीप पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवती सहित दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की तत्परता से समय पर मिला उपचार
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए न केवल भीड़ को हटाया, बल्कि बिना समय गंवाए घायलों को तत्काल अस्पताल रवाना किया।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान: “एम्बुलेंस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख पाया। व्यस्त इलाका होने के बावजूद वाहन की गति कम नहीं थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।”
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाकारित एंबुलेंस को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तहसील चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुए इस हादसे ने एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था और वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

7974214821

