चाकाबुड़ा के गौटिया मोहल्ला में वारदात; ग्रामीणों में दहशत, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत चाकाबुड़ा के गौटिया मोहल्ला का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के मशरूका पर हाथ साफ कर दिया।
आंगन का ताला तोड़कर घुसे भीतर
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परमेश्वर के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने घर के आंगन का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह परिजनों ने घर का सामान बिखरा हुआ देखा।
क्या-क्या ले गए चोर?
चोरों ने न केवल कीमती आभूषणों पर हाथ साफ किया, बल्कि घर के अन्य सामानों को भी नहीं छोड़ा। चोरी गई वस्तुओं की सूची इस प्रकार है:
- सोना: लगभग 2 तोला सोने का लॉकेट (टुकड़ों में) और 10-15 दाने गेहूं डिजाइन वाले सोने के दाने।
- चांदी: करीब दो पेज चांदी के आभूषण।
- नगदी: अलमारी में रखे ₹20,000 नगद।
- अन्य: अलमारी में रखी महंगी साड़ियां, पैंट-शर्ट और बच्चों के सामान।
पीछे के रास्ते से आए थे आरोपी
मौके के निरीक्षण के दौरान घर के पिछले हिस्से में पैरों के निशान मिले हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोर पीछे के रास्ते से ही दाखिल हुए और वारदात के बाद उसी रास्ते से रफूचक्कर हो गए।
“ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आर्थिक तंगी और थाने की दूरी के कारण कई लोग रिपोर्ट लिखवाने नहीं जा पाते, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं।” — स्थानीय ग्रामीण
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चाकाबुड़ा समेत आसपास के इलाकों में मोटर पंप, साइकिल और घरेलू सामानों की छोटी-बड़ी चोरियां अब आम हो गई हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग शुरू की जाए ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम जन सुरक्षित महसूस कर सकें।

7974214821

