कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाइवे पर ट्रेलर चालक को डरा-धमकाकर लूटने वाले दो बदमाशों को बांगो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी बिलासपुर के रहने वाले हैं, जिन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए बिना नंबर वाली बोलेरो का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम और वाहन बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
झारखंड के गढ़वा निवासी ट्रेलर चालक सलमान अंसारी 26 अप्रैल को कोयला लोड कर अंबिकापुर से रायपुर जा रहा था। बांगो थाना क्षेत्र के हसदेव नदी के पास चढ़ाई चढ़ते समय ट्रेलर का प्रेशर कम हो गया, जिसके कारण उसने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया।
इसी दौरान सफेद रंग की बिना नंबर वाली बोलेरो में सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को धौंस दिखाते हुए चालक से दस्तावेजों की मांग की और गाली-गलौज करते हुए उसे अपनी बोलेरो में बिठा लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर चालक के पास मौजूद 7,800 रुपये नकद लूट लिए और 1,700 रुपये क्यूआर कोड (QR Code) के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वारदात के बाद चालक ने तत्काल बांगो थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और एएसपी नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिलासपुर के तिफरा (विद्युतनगर) निवासी दो युवकों को हिरासत में लिया:
- रौनक सिंह (20 वर्ष)
- कुनाल रजक (19 वर्ष)
पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 800 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो जब्त की है।
टीम की भूमिका
इस गुत्थी को सुलझाने में एसडीओपी विजय सिंह के पर्यवेक्षण में बांगो थाने के एएसआई नरेंद्र डिक्सेना, आरक्षक जय प्रकाश यादव और रामगोपाल साहू की अहम भूमिका रही। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

7974214821


