कोरबा | शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अंग्रेजी शराब दुकान के सामने युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 11 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की है। सिविल लाइन स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में रोज की तरह भीड़ थी। इसी दौरान मामूली बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शराब दुकान के कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन युवक शांत नहीं हुए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मारपीट के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिस पर पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने संज्ञान लिया और तत्काल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
थाने में भी दिखाई दबंगई
एएसपी लखन पटले और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) आस्था शर्मा की टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर तीन युवकों की पहचान की:
- शिवम सिंह
- मयूर टांक
- सोमेश दीवान
पुलिस जब इन्हें पकड़कर थाने लाई, तो वहां भी युवकों का रसूख कम नहीं हुआ। आरोपियों ने थाना परिसर के भीतर ही गवाहों को धमकाना शुरू कर दिया। युवकों की इस गुंडागर्दी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
“अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे कृत्यों पर पुलिस की पैनी नजर है।” > — जिला पुलिस प्रशासन, कोरबा

7974214821

