जांजगीर-चांपा। जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने वार्ड नंबर 19 में हुई बड़ी चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग और मुख्य सरगना सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.56 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद की गई है। मामले में दो आरोपी अब भी फरार हैं।
परिवार गया था घूमने, पीछे से साफ कर दिया हाथ
घटना 26 फरवरी की रात की है। वार्ड नंबर 19 निवासी मकान मालिक अपने परिवार के साथ बाहर घूमने गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर कीमती जेवरात और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए।
CCTV और साइबर टीम की बड़ी कामयाबी
एएसपी उमेश कश्यप ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने शहर के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इस दौरान बिलासपुर की एक संदिग्ध स्कूटी (CG 10CC 1267) पर नजर पड़ी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया, जिससे पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।
बिलासपुर से आए थे चोरी करने, ऐसे दिया अंजाम
- मुख्य आरोपी: जीत कुमार सूर्यवंशी (निवासी बिलासपुर) अपने साथियों के साथ स्कूटी से जांजगीर पहुंचा था।
- रेकी: आरोपियों ने नहर किनारे सूने मकानों की तलाश की।
- वारदात: रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच दीवार फांदकर चोरी को अंजाम दिया।
बंटवारा: चोरी के बाद आरोपियों ने नकदी को एक मैदान में आपस में बांट लिया, जबकि जेवरों को बाद में बेचने के लिए बैग में छिपा दिया।

सस्ते में बेच दिए थे गहने
पूछताछ में पता चला कि चोरी के जेवरों को खपाने के लिए जीत कुमार ने गीता प्रसाद साहू की मदद ली। गीता प्रसाद ने रहौद निवासी सूरज सोनी को ये आभूषण महज 80 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले और बिचौलिए को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- जीत कुमार सूर्यवंशी (मुख्य आरोपी)
- गीता प्रसाद साहू (मिडिएटर)
- सूरज सोनी (खरीददार)
- एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग)
पुलिस का कहना है कि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीम भेजी गई है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

7974214821

