कोरबा | 14 अप्रैल, 2026
कोरबा। अखिल भारतीय किसान सभा के 91वें स्थापना दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में संगठन द्वारा व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किसान सभा का झंडा फहराया गया और एक विशेष सदस्यता अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भू-विस्थापितों व किसानों को उनके अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन को और तेज करने का सामूहिक संकल्प लिया।
हर गांव में किसान सभा, हर किसान सभा में किसान
स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए किसान सभा के अध्यक्ष जवाहर सिंह कंवर ने कहा कि आज अखिल भारतीय किसान सभा पूरे देश के साथ-साथ कोरबा जिले में भी संघर्ष का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने संगठन का मूल मंत्र दोहराते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य हर गांव में किसान सभा पहुंचाना और हर किसान को इस सभा से जोड़ना है।”
30 अप्रैल तक चलेगा विशेष सदस्यता अभियान
जिला सचिव दीपक साहू ने संगठन की आगामी रणनीति साझा करते हुए बताया कि किसान सभा के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को संगठन से जोड़ रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि:
- 11 से 30 अप्रैल तक जिले में विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
- सदस्यता के साथ-साथ किसानों की स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
- चर्चा से प्राप्त फीडबैक के आधार पर भविष्य के आंदोलनों की रूपरेखा तैयार होगी।
संघर्ष से ही संगठन को मिलेगी मजबूती
किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत झा ने संगठन की वैचारिक मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिना जन संघर्षों को संगठित किए एक मजबूत संगठन का निर्माण असंभव है। झा ने आगे कहा:
“संगठन जितना मजबूत होगा, जन संघर्षों का विस्तार भी उतनी ही तेजी से होगा। कोरबा के भू-विस्थापित और गरीब किसान जिस व्यवस्था की चक्की में पिस रहे हैं, उसके खिलाफ आवाज सड़क से विधानसभा तक पहुंचाने का एकमात्र रास्ता योजनाबद्ध संघर्ष ही है।”
प्रमुख कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
इस अभियान और स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य रूप से दामोदर श्याम, रमेश दास, सोनू, हरीश कंवर, हेत राम समेत बड़ी संख्या में किसान सभा के सक्रिय कार्यकर्ता और स्थानीय किसान उपस्थित थे।

7974214821

