कोरबा | 19 मई 2026
क्राइम डेस्क, कोरबा: कोरबा जिले के अंतर्गत आने वाले नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में टेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुँच गया है। बात सिर्फ ‘तू-तू मैं-मैं’ तक सीमित नहीं रही, बल्कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है। इस हाई-प्रोफाइल विवाद में एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री सतीश झा हैं, तो दूसरी तरफ क्षेत्र के ही भाजपा से जुड़े ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामूली धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
पक्ष 1: “मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा, 27 साल पहले मृत मां को भी घसीटा” – ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल
प्रार्थी प्रदीप अग्रवाल (पिता राधेश्याम अग्रवाल), जो बांकीमोंगरा के निवासी और पेशेवर ठेकेदार हैं, उन्होंने सतीश झा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रदीप अग्रवाल के मुख्य आरोप:
- टेंडर वापसी का दबाव: 18 मई 2026 को सतीश झा ने फोन कर टेंडर वापस लेने के लिए अनुचित दबाव बनाया।
- गाली-गलौज और धमकी: मना करने पर सतीश झा ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा— “अब मैं देखता हूँ कि तुम नगर पालिका में कैसे घुसते हो, तुम्हारा बिल कैसे बनता है और तुम्हें टेंडर कैसे मिलता है।” इसके साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
- मृत मां का अपमान: प्रदीप के अनुसार, झा ने उनकी स्वर्गीय माता जी के लिए भी अत्यंत अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया, जिनका निधन 27 वर्ष पूर्व हो चुका है। इससे पूरे परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुँचा है।
- लगातार प्रताड़ना: आरोप है कि सतीश झा पिछले 1 साल से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं, जिससे उनका परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है।
पुलिस कार्रवाई: बांकीमोंगरा पुलिस ने प्रदीप अग्रवाल की शिकायत पर सतीश झा के विरुद्ध धारा 296, 351(3)-BNS के तहत जुर्म दर्ज किया है।
पक्ष 2: “टेंडर के बदले मांगा 2% कमीशन, किराना दुकान की आड़ में चलाता है सूदखोरी” – भाजपा नेता सतीश झा
दूसरी ओर, भाजपा जिला मंत्री और पूर्व बांकीमोंगरा मंडल अध्यक्ष सतीश झा (पिता दिगंबर झा, निवासी घुड़देवा) ने भी ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए FIR दर्ज कराई है।
सतीश झा के मुख्य आरोप:
- कमीशन की मांग: 18 मई की शाम लगभग 07:42 बजे जब उन्होंने टेंडर के सिलसिले में प्रदीप को फोन किया, तो प्रदीप ने टेंडर वापस लेने के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की।
- ब्लैकमेलिंग का खेल: सतीश के मना करने पर प्रदीप ने अश्लील गालियां दीं और कहा— “तेरे जैसे नेता को अपनी जेब में रखता हूँ, तेरी सारी राजनीति खत्म कर दूंगा।” इसके बाद बातचीत रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
- सूदखोरी और ATM जब्ती का आरोप: सतीश झा ने एक और बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदीप अग्रवाल किराना दुकान की आड़ में लोगों को भारी ब्याज पर पैसे देता है और गारंटी के तौर पर उनका एटीएम (ATM) व पासबुक अपने कब्जे में रख लेता है।
- पुलिस कार्रवाई: सतीश झा की रिपोर्ट पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने प्रदीप अग्रवाल के विरुद्ध भी धारा 296, 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का बयान
बांकीमोंगरा थाना पुलिस के अनुसार, दोनों ही पक्षों की तरफ से काउंटर एफआईआर (Counter FIR) दर्ज कराई गई है। चूंकि मामला राजनीतिक और व्यापारिक रंजिश से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग्स और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में यह विवाद भारी चर्चा काविषय बना हुआ है।

7974214821


