ब्यूरो रिपोर्ट, कोरबा Published: मई 23, 2026
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भलपहरी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुराल पक्ष द्वारा आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार (कफन-दफन) कर दिया गया। मृतिका के मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की मौजूदगी में शुक्रवार को विवाहिता के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर जांच शुरू कर दी है।
शादी से लौटते ही बिगड़ी तबीयत, रास्ते में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, ग्राम भलपहरी निवासी मुकेश कुमार पाटले की शादी 8 साल पहले ग्राम गिधौरी की रहने वाली विनिता से हुई थी। करीब 15 दिन पहले दोनों एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गिधौरी गए थे। वहां से लौटने के बाद विनिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
17 मई को उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उसे निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। अगले दिन डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन जब उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में विनिता ने दम तोड़ दिया।
बिना सूचना दिए आनन-फानन में कर दिया अंतिम संस्कार
विवाहिता की मौत के बाद ससुराल वाले शव को सीधे ग्राम भलपहरी ले गए और मायके पक्ष को उचित सूचना दिए बिना ही आनन-फानन में शव को दफना दिया। इस बात की भनक जब मायके वालों को लगी, तो उन्होंने विनिता की मौत पर गहरा संदेह जताया।
मायके पक्ष का आरोप: “मुकेश आए दिन विनिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। प्रताड़ना से तंग आकर वह मायके आ गई थी, जिसे सामाजिक समझौते के बाद मुकेश वापस ले गया था। शादी कार्यक्रम से भी मुकेश उसे जबरदस्ती अपने साथ ले गया था। हमें उसकी मौत पर पूरा शक है।”
कार्यपालिक दंडाधिकारी और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदी कब्र
शुक्रवार की सुबह मायके पक्ष के लोगों ने उरगा थाना पहुंचकर न्याय और जांच की मांग की। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया।
शासन से अनुमति मिलने के बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी, थाना प्रभारी नवीन पटेल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सत्यजीत कोसरिया और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। भारी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में क्या आया सामने?
शव को बाहर निकालने के बाद डॉक्टरों और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर ही पंचनामा और पोस्टमार्टम (PM) की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के अनुसार:
- शुरुआती जांच और डॉक्टरों के पर्चे के मुताबिक, इलाज के दौरान मृतिका के शरीर में हीमोग्लोबिन की भारी कमी पाई गई थी।
- इसके साथ ही उसे जॉन्डिस (पीलिया) होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस का बयान: उरगा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मायके पक्ष के आरोपों और मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।

7974214821


