क्राइम डेस्क, कोरबा।
सीतामढ़ी मुख्य मार्ग चौक पर सरेआम एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और स्थानीय लोगों के भारी आक्रोश के बाद आखिरकार कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मोहल्ले वासियों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
सरेआम घेराबंदी कर युवक को पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम की है जब सीतामढ़ी मुख्य मार्ग चौक पर 10 से 15 युवकों ने मिलकर रोशन शर्मा नामक युवक पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को चारों तरफ से घेर लिया और लात-घूंसों व पंचों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस बीच सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
वीडियो वायरल होने पर खुली पुलिस की पोल
घटना के दौरान किसी स्थानीय नागरिक ने इस पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
7 दिन बाद दर्ज हुई FIR: ग्रामीणों और मोहल्ले वासियों ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि यह घटना 21 मई की है। घटना के 7 दिन बीत जाने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने कोई एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की थी। जब वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस ने अपनी साख बचाने के लिए मामला दर्ज किया।
“मोती सागरपारा के आदतन अपराधी हैं आरोपी”
थाने पहुंचे मोहल्ले वासियों ने बताया कि रोशन शर्मा पर हमला करने वाले सभी युवक मोती सागरपारा के रहने वाले हैं, जो आदतन अपराधी और नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतामढ़ी इलाके में आए दिन मारपीट, चाकू, छुरी और तलवार चलने की वारदातें आम हो चुकी हैं। अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं है और कोतवाली पुलिस का इन गुंडा तत्वों पर कोई अंकुश नहीं रह गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
मामला गरमाने और वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस अब एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना में शामिल सभी युवकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। इसके साथ ही हमले के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस चौक के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

7974214821


