कोरबा | ब्रेकिंग न्यूज
कोरबा। कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर पाली के पत्ता गोदाम के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक और शिव ट्रेवल्स की यात्री बस के बीच आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद बस के भीतर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मशक्कत के बाद कटर व अन्य साधनों की मदद से केबिन में फंसे ड्राइवर को सकुशल बाहर निकाला।
दो दर्जन यात्री घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के वक्त शिव ट्रेवल्स की बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे, जो कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इस भिड़ंत में बस के सामने वाले हिस्से में बैठे करीब दो दर्जन यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पाली पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका त्वरित उपचार किया जा रहा है।
धीमी गति से चल रहा निर्माण कार्य बना हादसे की वजह
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस जगह यह दुर्घटना हुई वह मार्ग बेहद संकरा है। दरअसल, पुराने हाईवे पर नाली के लिए पुल निर्माण का काम चल रहा है, जिसके कारण ट्रैफ़िक को इस वैकल्पिक मार्ग (डायवर्जन) पर मोड़ा गया है। निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी होने के कारण यह संकरा रास्ता आए दिन हादसों का केंद्र बनता जा रहा है।
फिलहाल, पाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जाँच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग पर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल करा दिया है।

7974214821


