कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन मार्ग पर सफर करने वाले राहगीरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। बीते लंबे समय से इस प्रमुख मार्ग पर पसरा अंधेरा अब जल्द ही दूर होने जा रहा है। मार्ग को रोशन करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की कवायद तेजी से शुरू हो चुकी है। इन दिनों डिवाइडर के बीच पोल (खंभे) खड़े करने के लिए खुदाई का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
6 साल का इंतजार होगा खत्म, हादसों पर लगेगी लगाम
आपको बता दें कि सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक तक फोरलेन निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन पिछले 6 वर्षों से इस मार्ग पर रात के समय घाना अंधेरा पसरा रहता था। कोयलांचल क्षेत्र होने के कारण इस रूट पर दिन-रात भारी वाहनों और आम जनता की भारी आवाजाही रहती है।
सड़क बनने के बाद भी स्ट्रीट लाइट न होना स्थानीय लोगों और चालकों के लिए बड़ी चिंता का विषय था। पर्याप्त रोशनी न होने और सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण यहाँ लगातार गंभीर दुर्घटनाएं घट रही थीं।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया था भूमिपूजन
हाल ही में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा इस फोरलेन के पुन: निर्माण के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया था। इस वीआईपी पहल के बाद विभाग तुरंत एक्शन मोड में आया और सर्वमंगला चौक से इमली छापर चौक के मध्य बने डिवाइडर में गड्ढे खोदने का काम शुरू कर दिया गया है।
रफ्तार के बीच मिलेगी सुरक्षा और सुगमता
फोरलेन निर्माण के बाद से इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार काफी बढ़ गई है। छोटी-बड़ी गाड़ियों से लेकर भारी कमर्शियल वाहन यहाँ से तेज गति में गुजरते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट लग जाने से न सिर्फ रात का सफर सुरक्षित होगा, बल्कि आवागमन में भी काफी सुगमता आएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द खंभे खड़े कर लाइटें चालू कर दी जाएं।

7974214821


