कोरबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा – सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत अवैध शराब और नशे के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में थाना बालको क्षेत्र के अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस द्वारा लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने ग्राम बुंदेली में ग्रामीणों की एक विशेष बैठक ली। बैठक में ग्रामीणों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया गया। चौकी प्रभारी ने कहा, “नशा न केवल व्यक्ति, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को गर्त में धकेलता है। इससे दूर रहकर ही एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सकता है।”
बैठक में पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि गांव में कोई भी अवैध रूप से शराब बिक्री या अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर कड़ी कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही ग्राम कोटवार द्वारा पूरे गांव में मुनादी (ढिंढोरा) पिटवाकर लोगों को सचेत किया गया है कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही रजगामार चौकी पुलिस ने इस गांव में आबकारी एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और जागरूकता का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
महिलाओं की ‘पावर’: सूचना मिलते ही कुसमुण्डा पुलिस ने दी कई घरों में दबिश, 5 पर कार्रवाई
नशा मुक्ति अभियान में अब महिलाओं ने भी कमान संभाल ली है। थाना कुसमुण्डा क्षेत्र के वार्ड क्र. 65 भैरोताल इलाके की सैकड़ों महिलाओं ने एकजुट होकर पुलिस को क्षेत्र में हो रही अवैध शराब, गांजा और अन्य नशे की बिक्री की गुप्त सूचना दी।
महिलाओं से इनपुट मिलते ही कुसमुण्डा थाना पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और कई संदिग्ध घरों में ताबड़तोड़ दबिश दी। मौका निरीक्षण के आधार पर पुलिस ने 5 आरोपियों के विरुद्ध विधिवत वैधानिक कार्रवाई की है।
कार्रवाई के बाद कुसमुण्डा थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाण्डेय स्वयं अपने स्टाफ के साथ भैरोताल बस्ती पहुंचे और सामुदायिक भवन में महिलाओं के साथ बैठक की। उन्होंने महिलाओं के इस साहस की सराहना करते हुए कहा कि वे निडर होकर अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। थाना प्रभारी ने बस्ती में पुलिस पेट्रोलिंग (गश्त) बढ़ाने का आश्वासन भी दिया और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

7974214821


