कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ जन्मदिन की पार्टी मनाने गए दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद हत्या में बदल गया। एक युवक ने अपने ही दोस्त पर बोलेरो कैम्पर गाड़ी चढ़ाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे दीपका थाना क्षेत्र के 10-12 युवक अपने दोस्त विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा क्षेत्र में स्थित मीरा रिजॉर्ट गए हुए थे। पार्टी के दौरान ही किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच कहासुनी हो गई। रिजॉर्ट के अंदर स्टाफ और दोस्तों ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया।
रिजॉर्ट के बाहर फिर भड़का विवाद
चेक-आउट करने के बाद जब सभी दोस्त रिजॉर्ट से बाहर सड़क पर आए, तो तुषार और उज्ज्वल के बीच दोबारा बहस शुरू हो गई। विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपी तुषार ढांडा तैश में आकर अपनी बोलेरो कैम्पर गाड़ी में बैठा और उसने सीधे उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। उज्ज्वल को बुरी तरह कुचलने के बाद आरोपी कैम्पर लेकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम: खून से लथपथ उज्ज्वल को उसके साथियों ने आनन-फानन में जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुँचाया। लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, BNS के तहत मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस एक्शन में आई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया:
- मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर वाहन को जब्त कर लिया गया है।
- मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

7974214821


