कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिंग रोड स्थित डेंगूनाला पुल के पास मंगलवार को एक कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।
सामने से आ रहे ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर
मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बाइक (क्रमांक सीजी 10 सी बी 2635) पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर (क्रमांक सीजी 12 बी जी 2932) ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। हादसे में युवक और एक युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों को दी गई सूचना, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और एम्बुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल युवती को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस का बयान:
“मृतक युवक और युवती मूल रूप से बिलासपुर जिले के पेंड्रा क्षेत्र के रहने वाले थे और कोरबा में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर, दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।”
शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह ट्रेलर की तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। बालको पुलिस मामले की मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

7974214821


