कटघोरा/कोरबा।
कटघोरा स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में छात्रों की समस्याओं और कॉलेज प्रशासन के कथित अड़ियल रवैये को लेकर विवाद गहरा गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने छात्रों की जायज मांगों और कॉलेज के डीन द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। इस विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अभाविप की कोरबा इकाई ने सीधे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप और त्वरित समाधान की मांग की है।
मूलभूत सुविधाओं की कमी और पारदर्शिता का अभाव
अभाविप का आरोप है कि महाविद्यालय में छात्रों को लंबे समय से आवश्यक मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। छात्र कई बार कॉलेज प्रशासन के सामने अपनी शिकायतें और मांगें रख चुके हैं, लेकिन हर बार उनकी अनदेखी की गई। इसके अलावा, परिषद ने महाविद्यालय के विकास कार्यों और स्वीकृत सरकारी निधियों (Funds) के उपयोग में भी पारदर्शिता न होने का गंभीर आरोप लगाया है।
डीन के व्यवहार से भड़का छात्रों का आक्रोश
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब परिषद के कार्यकर्ता और छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर डीन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। आरोप है कि डीन ने न सिर्फ ज्ञापन लेने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि छात्रों व कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र और दुर्व्यवहार भी किया। डीन के इस बर्ताव से नाराज छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अगले ही दिन महाविद्यालय परिसर में जमकर धरना-प्रदर्शन किया।
मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के बाद अभाविप के पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि महाविद्यालय की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए और छात्रों को सभी आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
संगठन की चेतावनी : “यदि भविष्य में भी छात्रों की समस्याओं को ठंडे बस्ते में डाला गया या इस बड़े विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से:प्रशासन की लापरवाही के कारण किसी भी छात्र को परेशानी का सामना करना पड़ा, तो अभाविप चुप नहीं बैठेगी और पूरे जिले में एक व्यापक व उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
इस बड़े विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से:
- गोविंद पटेल (जिला संयोजक)
- प्रदीप साहू (जिला संगठन मंत्री)
- गिरधर गोपाल, पार्थिव, लोकेन्द्र, अनिक
- चांदनी, आंचल, आरती और खुशबू
- सहित भारी संख्या में कृषि कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

7974214821


