कोरबा | जिले में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने और अवैध गतिविधियों को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश के बाद सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीती रात टाउन पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने पोडीबहार क्षेत्र में दबिश देकर जुआरियों के एक गिरोह को रंगे हाथ दबोचा।
मुखबिर की सूचना पर देर रात रेड
16 अप्रैल की रात जब पुलिस की टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि पोडीबहार मुक्तिधाम तालाब के पास खाली मैदान में कुछ लोग मोबाइल की टॉर्च जलाकर ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए गवाहों (भरत उरांव और दिव्य साहू) को साथ लिया और मौके पर घेराबंदी की।
अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ भागे, 4 चढ़े हत्थे
पुलिस की अचानक छापेमारी से जुआरियों में हड़कंप मच गया। अंधेरे का लाभ उठाकर कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर 4 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- ब्राम्हानंद राठौर (40 वर्ष): निवासी एबी टाइप कॉलोनी, ढोढीपारा।
- बाबूलाल सिंह (37 वर्ष): निवासी बरमपुर, सर्वमंगला।
- रविशंकर टंडन उर्फ हीरा (30 वर्ष): निवासी नरियरा, जिला जांजगीर-चांपा।
- नरेंद्र साहू (36 वर्ष): निवासी पोडीबहार रेलवे लाइन।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामग्रियां विधिवत जब्त की हैं:
- नकदी: ₹12,000/-
- वाहन: 5 नग मोटरसाइकिल
- अन्य: 52 पत्ती ताश और 2 नग दरी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर ली है। सिविल लाइन रामपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

7974214821

