कोरबा/बिलासपुर | डिजिटल डेस्क
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ इन दिनों एक बड़ा अभियान चल रहा है। रेलवे द्वारा यात्रियों में वैध टिकट के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 21 मई से 14 जून तक विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बिलासपुर स्टेशन और वहाँ से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग कर रेलवे ने एक ही बार में 768 मामलों से कुल ₹4,97,355 का जुर्माना वसूला है। इस कार्रवाई का असर कोरबा आने-जाने वाली ट्रेनों पर भी देखने को मिला।
अधिकारियों के नेतृत्व में चली सघन चेकिंग
यह विशेष जांच अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में चलाया गया। इस टीम में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई (TTE) और आरपीएफ (RPF) का स्टाफ भारी संख्या में शामिल रहा। टीम ने स्टेशन के साथ-साथ वहाँ से गुजरने वाली 25 ट्रेनों की बारीकी से जांच की।
जुर्माने का पूरा लेखा-जोखा: किसमें कितनी हुई वसूली?
रेलवे प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल ₹4.97 लाख से अधिक के जुर्माने का विवरण इस प्रकार है:
लापरवाही का प्रकार कुल मामले वसूला गया जुर्माना
- बिना टिकट यात्रा 487 ₹3,62,095
- अनियमित टिकट (गलत श्रेणी/बिना वैध पास) 259 ₹1,33,060
- बिना बुक किया गया लगेज (घरेलू सामान) 21 ₹2,100
- स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाना 01 ₹100
- कुल योग 768 ₹4,97,355
रेल प्रशासन की यात्रियों से अपील
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित माहौल देने के लिए रेलवे समय-समय पर ऐसे अभियान चलाता रहेगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि:
- यात्रा शुरू करने से पहले हमेशा उचित यात्रा टिकट जरूर लें।
- परिजनों को छोड़ने या स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें।
- रेलगाड़ी और स्टेशन को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें।
- गंदगी फैलाने और धूम्रपान जैसी गतिविधियों से पूरी तरह बचें।

7974214821


