कोरबा | छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूलों में एडमिशन और परीक्षाओं को लेकर नई व सख्त गाइडलाइन जारी कर दी है। बोर्ड ने इस बार स्कूलों को स्पष्ट हिदायत दी है कि एडमिशन प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
## प्रमुख बिंदु: जो आपको जानना जरूरी है
- एडमिशन की समय-सीमा: प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के प्रवेश 16 जून से शुरू हो चुके हैं। अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है।
- विशेष अनुमति से प्रवेश: यदि कोई छात्र 31 जुलाई तक प्रवेश नहीं ले पाता है, तो मण्डल सचिव की विशेष अनुमति से 17 अगस्त तक ही एडमिशन मिल सकेगा। इसके बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।
- सप्लीमेंट्री छात्र: द्वितीय मुख्य परीक्षा (सप्लीमेंट्री) के नतीजे आने के बाद पास होने वाले छात्रों को रिजल्ट घोषित होने के 10 दिनों के भीतर एडमिशन लेना होगा।
- सीटों पर लिमिट: कक्षा 9वीं और 11वीं में स्कूल के बुनियादी ढांचे के आधार पर केवल 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रवेश ही दिए जा सकेंगे। इससे ज्यादा के लिए बोर्ड की विशेष अनुमति और स्कूल भवन का नक्शा जमा करना होगा।
प्राचार्यों पर गिरेगी गाज: दस्तावेजों की जांच की पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्राचार्य की होगी। यदि कोई छात्र अपात्र पाया गया और उसका परीक्षा फॉर्म निरस्त हुआ, तो सीधे प्राचार्य पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। शासकीय स्कूलों के प्राचार्यों पर विभागीय कार्रवाई और निजी (अशासकीय) स्कूलों की मान्यता तक खत्म की जा सकती है।
## क्लास में 75 फीसदी हाजिरी है अनिवार्य
नियमित (Regular) छात्रों के लिए स्कूल में 75% उपस्थिति होना जरूरी है। जिन छात्रों की हाजिरी इससे कम होगी, उनका रेगुलर परीक्षा आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। ऐसे छात्र केवल स्वाध्यायी (Private) रूप में ही मुख्य परीक्षा दे सकेंगे। स्कूलों को कम उपस्थिति वाले छात्रों की सूची 31 दिसंबर 2026 तक बोर्ड को भेजनी होगी।
## इन छात्रों को मिलेगी परीक्षा फीस में 100% छूट
बोर्ड ने सामाजिक और विशेष श्रेणियों को बढ़ावा देने के लिए परीक्षा और प्रायोगिक शुल्क में पूरी छूट दी है:
- अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के छात्र।
- नक्सली हिंसा पीड़ित परिवार के बच्चे।
- बाल दिवस पर राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार पाने वाले छात्र।
- राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले और ट्रांसजेंडर विद्यार्थी।
- 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले छात्र (इन्हें परीक्षाओं में भी विशेष छूट मिलेगी)।
## प्राइवेट (स्वाध्यायी) छात्रों के लिए 15 सितंबर से खुलेगा पोर्टल
जो छात्र प्राइवेट परीक्षा देना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन पोर्टल 15 सितंबर से लाइव होगा।
- बिना लेट फीस की तारीख: 12 अक्टूबर तक फॉर्म भरे जा सकेंगे।
- उम्र सीमा: क्रेडिट योजना के तहत हाईस्कूल पास करके 11वीं में प्राइवेट प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 25 वर्ष तय की गई है।

7974214821


