कोरबा | नगर पालिका परिषद दीपका में विकास कार्यों की आड़ में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रकाश व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट) के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई की बंदरबांट का दावा किया है।
प्राक्कलन के विपरीत कार्य और गुणवत्ता पर सवाल
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दीपका के अध्यक्ष दिलीप सिंह ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लगाए जा रहे विद्युत पोल का कार्य स्वीकृत प्राक्कलन (Estimate) के पूरी तरह विपरीत है। कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पार्षद कमलेश जायसवाल द्वारा पूर्व में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
जांच रिपोर्ट दबाने का आरोप
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने इंजीनियर को पत्र लिखकर 3 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, समय सीमा बीत जाने के बाद भी न तो रिपोर्ट सार्वजनिक की गई और न ही पार्षदों या जनता को इसकी जानकारी दी गई। दिलीप सिंह का कहना है कि अधिकारी इस मामले में संतोषजनक जवाब देने से बच रहे हैं, जिससे मिलीभगत की बू आ रही है।
22 लाख की अतिरिक्त वृद्धि पर उठे सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार के ठोस सबूतों की ओर इशारा करते हुए बताया कि:
- वार्ड क्रमांक 1, 4, 5, 6, 10 और 11 में निविदा (Tender) राशि में अचानक 22 लाख रुपये की अतिरिक्त वृद्धि कर दी गई।
- नल-जल योजना में लाखों रुपये फूंकने के बाद भी जनता को पीने का पानी नहीं मिल रहा है।
- शहर की साफ-सफाई और अन्य निर्माण कार्यों में भी जमकर मनमानी की जा रही है।
7 दिनों का अल्टीमेटम: होगा नगर पालिका का घेराव
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर पोल एवं केबल कार्य की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा नगर पालिका का घेराव किया जाएगा और उग्र प्रदर्शन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

7974214821

