कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पहाड़ गांव के वाइसेमार मोहल्ले में तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक पेड़ की भारी-भरकम डगाल (शाखा) गिरने से तीन आदिवासी किशोरों की असमय और दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूसलाधार बारिश से बचने पेड़ के नीचे छिपे थे मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। बारिश और आंधी से खुद को बचाने के लिए तीनों किशोर एक पेड़ के नीचे रुक गए थे। इसी दौरान कुदरत का कहर बनकर तेज हवा के झोंके ने पेड़ की एक भारी डगाल को तोड़ दिया। डगाल सीधे तीनों बच्चों के ऊपर जा गिरी, जिससे वे उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाने के दौरान और इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अत्यंत गंभीर हालत में पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था। दुर्भाग्यवश, एक किशोर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य दो किशोरों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने और रेफरल के दौरान इलाज के क्रम में बाकी दोनों किशोरों ने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान:
- कमलेश (उम्र 18 वर्ष), पिता- समर साय, निवासी- बाई सेमर, चोरहा डांड़ (ग्राम पंचायत पहाड़ गांव)
- दिनेश तिर्की (उम्र 17 वर्ष), पिता- ओमप्रकाश तिर्की, निवासी- आदिवासी चौराहा दान (ग्राम पंचायत पहाड़ गांव)
- शिवराम टेकाम (उम्र 14 वर्ष), पिता- समर सिंह गोंड़, निवासी- वाई सेमर, चौरहाडांड (ग्राम पंचायत पहाड़ गांव)
पूरे गांव में पसरा सन्नाटा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, चारों ओर चीख-पुकार मच गई। तीन होनहार और कम उम्र के बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे पहाड़ गांव और वाइसेमार मोहल्ले में मातम का माहौल है और इस असमय काल कवलित हुए बच्चों की मौत पर हर आंख नम है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

7974214821


