कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत छुरीकला मुख्य मार्ग पर स्थित ‘राज ज्वेलर्स’ में आज दोपहर दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया। लुटेरों ने दुकान संचालक और कर्मचारियों की आँखों में मिर्च पाउडर झोंका और हथियार दिखाकर जेवरात लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश का माहौल है।
ग्राहक बनकर आए थे तीन बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे एक बिना नंबर की प्लैटिना मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात बदमाश राज ज्वेलर्स पहुंचे। दुकान के भीतर प्रवेश करते ही उन्होंने पहले चांदी के गहने दिखाने को कहा। जैसे ही संचालक ने गहने निकाले, बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरातों को अपने कब्जे में ले लिया और भागने की फिराक में लग गए।
कर्मचारियों ने दिखाया साहस, बदमाशों ने दांत से काटा और चाकू से किया हमला
बदमाशों की संदिग्ध हरकतों को भांपते हुए दुकान संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया। खुद को घिरता देख लुटेरों ने खतरनाक पैंतरा अपनाया:
- बदमाशों ने कर्मचारियों की आँखों में मिर्च पाउडर छिड़क दिया।
- एक लुटेरे ने चाकू से हमला किया, जबकि दूसरे ने दांत से काटकर कर्मचारियों को लहूलुहान कर दिया, जिससे उनकी पकड़ ढीली हो गई।
- शोर सुनकर पड़ोसी दुकान संचालक भी मदद के लिए दौड़ा और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया।
मौके पर छूटा माल और हथियार:
घबराए लुटेरे अपनी जान बचाने के लिए लूट का कुछ असली और कुछ आर्टिफिशियल जेवरात लेकर पैदल ही अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। हड़बड़ाहट में वे अपनी प्लैटिना बाइक दुकान के बाहर और एक देशी कट्टा काउंटर पर ही छोड़ गए।
पुलिस की भारी नाकेबंदी, जांच में जुटे टीआई
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी टीआई एमबी पटेल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों की बिना नंबर वाली प्लैटिना मोटरसाइकिल और देशी कट्टा जब्त कर लिया है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी मुख्य मार्गों और सीमाओं पर कड़ी नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

7974214821


