कोरबा | कुसमुंडा: कुसमुंडा थाना क्षेत्र के विकास नगर में मंगलवार की दोपहर एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले एक शिक्षक परिवार के 19 वर्षीय पुत्र वासु सरकार ने अज्ञात कारणों से घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
माता-पिता लौटे तो खिड़की से दिखा खौफनाक मंजर
मिली जानकारी के अनुसार, विकास नगर के आवास क्रमांक बी-132 निवासी राजा सरकार कुसमुंडा डीएवी (DAV) स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उनकी पत्नी कोरबा डीएवी में पढ़ाती हैं। मंगलवार की दोपहर जब दोनों पति-पत्नी अपने काम से बाहर गए हुए थे, तब उनका 19 वर्षीय पुत्र वासु सरकार घर पर अकेला था। दोपहर में जब माता-पिता वापस घर लौटे और दरवाजा खटखटाया, तो भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब उन्होंने खिड़की से भीतर झांका, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनका बेटा फंदे से लटका हुआ था।
दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
बेटे को फंदे पर लटकता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा गया और युवक को फंदे से नीचे उतारा गया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार:
परिजन युवक के जीवित होने की आस में उसे तुरंत विकास नगर स्थित एसईसीएल (SECL) के विभागीय अस्पताल लेकर भागे। लेकिन अफसोस, वहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कुसमुंडा पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है। युवक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

7974214821


