कोरबा | जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध बैटरी स्क्रैप के काले कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CECB) की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लाखों रुपये के बैटरी स्क्रैप से लदे एक ट्रक को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। फिलहाल, बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन कर रहे इस ट्रक को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
गुप्त सूचना पर डीडीएम रोड में घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों को जिले से भारी मात्रा में बैटरी स्क्रैप के अवैध परिवहन की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अधिकारियों की टीम तत्काल डीडीएम रोड पहुंची और निगरानी शुरू की। इसी दौरान टीम की नजर राजस्थान पासिंग के एक संदिग्ध ट्रक (क्रमांक RJ 06 GD 8524) पर पड़ी।
दस्तावेज दिखाने में नाकाम रहा चालक
संदेह के आधार पर जब टीम ने ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली, तो गाड़ी के भीतर भारी मात्रा में बैटरी स्क्रैप लोड पाया गया। बाजार में इस स्क्रैप की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। टीम ने जब ट्रक चालक से पूछताछ की, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। अधिकारियों द्वारा मांगे जाने पर वह मौके पर जरूरी वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।
क्या है नियम?
हालांकि, वाहन चालक के पास राजस्थान पर्यावरण विभाग से जुड़ा एक अनुमति पत्र मिला। लेकिन नियमों के मुताबिक, बैटरी स्क्रैप जिस जिला या राज्य से लोड किया जाता है, वहां के स्थानीय पर्यावरण विभाग से भी परिवहन की अनुमति (NOC) लेना अनिवार्य होता है। इस मामले में छत्तीसगढ़ से जुड़ी ऐसी कोई अनुमति नहीं पाई गई।
लंबे समय से मिल रही थी अवैध कारोबार की शिकायतें
गौरतलब है कि कोरबा जिले में पिछले काफी समय से बैटरी स्क्रैप के अवैध धंधे और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही थीं। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल ने कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ट्रक को जब्त कर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

7974214821


