कोरबा। जिले में अवैध गतिविधियों और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नेशनल हाईवे पर स्थित कंचन ढाबा (तानाखार) को अवैध शराब की बिक्री और प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना करने के कारण विधिवत सील कर दिया गया है।
कार्रवाई के बाद भी जारी थी अवैध गतिविधि
उल्लेखनीय है कि महज दो दिन पूर्व ही इस ढाबे पर छापेमारी की गई थी, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी और संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इसके बावजूद, ढाबा परिसर में अवैध गतिविधियां बंद नहीं हुई थीं। पुलिस प्रशासन के आदेशों की इस तरह अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया।
राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रविवार को राजस्व विभाग के निर्देशों के अनुपालन में कटघोरा पुलिस की मौजूदगी में भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह द्वारा ढाबा परिसर में ताला लगाकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
इस कार्रवाई में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक गोपाल यादव और आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे की विशेष भूमिका रही।
थाना प्रभारी की सख्त चेतावनी
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को दो टूक चेतावनी दी है:
“किसी भी ढाबे पर अवैध शराब की बिक्री या सेवन पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।

7974214821


