जांजगीर-चांपा। जिले के वूशु खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने की तैयारी की है। जांजगीर-चांपा जिले के सिवनी एवं आसपास क्षेत्र के पांच वूशु खिलाड़ियों का चयन 25वीं जूनियर राष्ट्रीय वूशु चैंपियनशिप 2026-27 के लिए हुआ है। सभी खिलाड़ी चेन्नई, तमिलनाडु पहुंच चुके हैं, जहां वे छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में भूमि देवांगन, भूमिका देवांगन, दीप्ति महंत, गुंजन श्रीवास और एरिक फॉक शामिल हैं। सभी खिलाड़ी कोच गुलाब चंद यादव के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है।
चेन्नई में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में जांजगीर-चांपा के इन खिलाड़ियों के पास राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और जिले के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का सुनहरा अवसर है।
कोच गुलाब चंद यादव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास, अनुशासन और मेहनत सफलता की कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की।
खिलाड़ियों के चेन्नई पहुंचने पर जिले के खेलप्रेमियों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। सभी ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
लक्ष्य उत्कृष्ट प्रदर्शन का, संकल्प पदक जीतने का और सपना जिले व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का है।











