कोरबा। रजगामार में दशहरा उत्सव के दौरान 16 वर्षीय छात्रा से कथित छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी और मारपीट के मामले में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने POCSO एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 74, 75, 296, 351(B) और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई है।
शिकायत के मुताबिक 20 अक्टूबर को रजगामार के रावण मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव के दौरान भीड़ में नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी और छेड़छाड़ की गई। छात्रा द्वारा अपने चचेरे भाई को जानकारी देने के बाद उसने आरोपियों का विरोध किया, जिसके बाद कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने तत्काल कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए 22 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
पुलिस ने मामले में अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान को नामजद किया है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
वहीं, भाजपा नेता अनिल चौरसिया ने आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने एसपी को जवाबी आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

7974214821










