कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर दिन-रात उनकी सेवा में जुटे हुए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ देश आज एक नए भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह नया भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शता भी नहीं है।
यह बातें केंद्रीय आवास व शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कोरबा में आयोजित एक मीडिया संवाद के दौरान कहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष (2014 से 2026) पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रेसवार्ता में उन्होंने सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।
12 वर्षों की यात्रा रही परिवर्तनकारी
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। वर्ष 2014 से 2026 तक का यह सफर भारत के लिए पूरी तरह परिवर्तनकारी रहा है। सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत का जो संकल्प लिया गया था, वह आज धरातल पर दिखाई दे रहा है। आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और मजबूती से अपनी पहचान स्थापित करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने गिनाईं सरकार की बड़ी उपलब्धियां:
- जन-धन योजना: देश में 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जिनमें सबसे बड़ी संख्या महिलाओं की है।
- गरीब कल्याण व राशन: कोरोना काल से लेकर अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को लगातार मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
- स्वास्थ्य सुरक्षा: आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के करोड़ों नागरिकों को मुफ्त और बेहतर इलाज की सुविधा मिली है।
- आवास व उज्ज्वला: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए, वहीं उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई है।
- हर घर जल व स्वच्छता: जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है और स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता की एक नई चेतना पैदा की है।
- किसान कल्याण: पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए सीधे किसानों के खातों में आर्थिक मदद भेजी जा रही है। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सीमा बढ़ाकर किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है।
- आदिवासी उत्थान: जनजातीय समाज के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
- रोजगार व महिला सशक्तिकरण: मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है, जबकि ‘लखपति दीदी’ और ‘सुकन्या समृद्धि’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं और बेटियों को आर्थिक रूप से सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाया है।
प्रेसवार्ता में ये वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जोगेश लांबा और अशोक चावलानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

7974214821


