कोरबा | औद्योगिक नगरी कोरबा की पावन धरा जल्द ही भक्ति के रंग में रंगने वाली है। विश्व प्रसिद्ध कथा वाचक प Pandit धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) का आगमन बांकीमोंगरा-कटघोरा मार्ग पर स्थित ग्राम ढपढप में होने जा रहा है। आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल तक यहाँ भव्य ‘दिव्य श्री हनुमंत कथा’ का आयोजन किया जाएगा।
भव्य कलश यात्रा से होगा आगाज़
कथा के मुख्य संरक्षक जुड़ावन सिंह ठाकुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुख्य आयोजन से पूर्व 27 मार्च को सुबह 11 बजे मरही दाई मंदिर से कथा स्थल तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें 21 हजार माताएं और बहनें शामिल होंगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह कलश यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क है और शुल्क से जुड़ी तमाम खबरें निराधार हैं।
कथा के मुख्य आकर्षण और कार्यक्रम
अपना घर सेवा आश्रम परिवार द्वारा आयोजित इस पांच दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन विशेष कार्यक्रम होंगे:
- 28 मार्च: महाराज श्री का भव्य स्वागत एवं पांच दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का उद्घाटन। पहले दिन की आरती सफाई कर्मियों द्वारा की जाएगी।
- 29 मार्च: ‘अपना घर सेवा आश्रम’ के नवीन भवन निर्माण का संकल्प।
- 30 मार्च: बहुप्रतीक्षित ‘दिव्य दरबार’ का आयोजन।
- 31 मार्च: बजरंग दल त्रिशूल दीक्षा संकल्प एवं घर वापसी कार्यक्रम।
- 1 अप्रैल: 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न होगा।
तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम के संयोजक अमरजीत सिंह (जिलाध्यक्ष, विहिप) के अनुसार, कम समय मिलने के बावजूद प्रशासन के सहयोग से भव्य तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
- सुरक्षा व सुविधा: आयोजन स्थल पर 10 एंबुलेंस, 20 वाटर टैंकर और 5 फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी।
- बजट: आयोजन में लगभग 1 से 1.25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
- प्रसारण: कथा का सीधा प्रसारण आस्था चैनल पर किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों और विधायकों को आमंत्रित किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान संरक्षक सुबोध सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, ऋतु चौरसिया और राणा मुखर्जी समेत आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

7974214821

