कोरबा | न्यूज़ डेस्क
21 मई 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लिए एक राहत भरी खबर है। प्रमुख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) में लंबे समय से चली आ रही विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी अब जल्द ही दूर होने जा रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद अब इसके लिए आवेदन मंगाए गए हैं।
‘रेफरल सेंटर’ के टैग से मिलेगी मुक्ति
वर्तमान में जिले के कटघोरा, पाली, पोड़ी-उपरोड़ा और करतला विकासखंडों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन हो रहा है। इसके साथ ही शहर के रानी धनराज कुंवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी CHC का दर्जा मिल चुका है। विशेषज्ञ डॉक्टरों न होने के कारण ये केंद्र महज ‘रेफरल सेंटर’ बनकर रह गए थे।
मरीजों को छोटी-बड़ी बीमारियों के लिए भी जिला मुख्यालय के मेडिकल कॉलेज या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था। इस समस्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन ने DMF से भर्ती को हरी झंडी दे दी है।
इन पदों पर होने जा रही है भर्ती (कुल पद: 12)
पोर्टल के अनुसार, भर्ती पूरी तरह कॉन्ट्रैक्ट (अनुबंध) बेसिस पर होगी। पदों का विवरण इस प्रकार है:
विशेषज्ञ का पद कुल पदों की संख्या
- एमडी मेडिसिन 03
- शल्य चिकित्सक (सर्जन) 03
- बाल चिकित्सक (पीडियाट्रिशियन) 02
- निश्चेतना विशेषज्ञ (एनेस्थेटिस्ट) 02
- रेडियोलॉजिस्ट 02
नियमित डॉक्टरों से ज्यादा मिलेगी सैलरी, जानिए क्यों?
अक्सर सरकारी पैमानों पर नियमित डॉक्टरों की सैलरी कम होने के कारण विशेषज्ञ चिकित्सक सरकारी अस्पतालों में सेवा देने से कतराते हैं और निजी अस्पतालों या बड़े शहरों का रुख कर लेते हैं। इसी का तोड़ निकालते हुए जिला प्रशासन ने DMF फंड से आकर्षक सैलरी पैकेज देने का फैसला किया है।
नोट: यह भर्ती पूरी तरह संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधारित है। भविष्य में इन पदों पर नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति होते ही यह अनुबंध स्वतः समाप्त हो जाएगा।
अधिकारियों की अपील: ‘जनसेवा के लिए आगे आएं डॉक्टर’
जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह एक बड़ा कदम है। विभाग ने योग्य और अनुभवी डॉक्टरों से अपील की है कि वे जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने और जनसेवा के इस कार्य में अपना योगदान दें। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने आवेदन कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

7974214821


