कोरबा | जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है।
इसी कड़ी में हाल ही में सीएसईबी (CSEB) थाना क्षेत्र में हुई गंभीर मारपीट की घटना के मुख्य आरोपी हरीश राव उर्फ गोलू के खिलाफ पुलिस ने जिलाबदर की बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
14 केस दर्ज, 12 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई; फिर भी नहीं सुधरा
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी हरीश राव एक शातिर और आदतन अपराधी है। शहर की शांति व्यवस्था को भंग करने वाले इस आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है:
- कुल दर्ज मामले: मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
- प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: पुलिस द्वारा 12 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
- गुंडा सूची में नाम: लगातार अपराधों में संलिप्त रहने के कारण इसे पहले ही पुलिस रिकॉर्ड में ‘गुंडा बदमाश’ घोषित किया जा चुका था।
कठोर कदम : बार-बार की कार्रवाई के बाद भी आचरण में सुधार न होने के कारण, छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा एवं लोक सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 एवं 5 के तहत हरीश राव को जिलाबदर करने का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जिला दंडाधिकारी (कलेक्टर) कोरबा को भेज दिया गया है।
बाकी आरोपियों का भी खंगाला जा रहा है रिकॉर्ड
सीएसईबी मारपीट कांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी पुलिस बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस प्रशासन द्वारा:
- सभी सह-आरोपियों के आपराधिक इतिहास की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।
- जिन आरोपियों का रिकॉर्ड गंभीर पाया जाएगा, उन्हें गुंडा सूची और निगरानी बदमाश (रौडी शीटर) के रूप में दर्ज किया जाएगा।
- उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक व अन्य सख्त वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हथियार चमकाने और दहशत फैलाने वालों को पुलिस की दो टूक
कोरबा पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए अपराधियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जिले में गुंडागर्दी, वर्चस्व की लड़ाई, हथियारों के बल पर दहशत फैलाने या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य आम जनता को एक सुरक्षित, शांत और भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है।

7974214821


