राहत: लगभग 10 दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद गुरुवार दोपहर को हुई झमाझम बारिश।
तापमान: बारिश के बाद तापमान में 2 डिग्री की गिरावट, आने वाले दिनों में 4 से 5 डिग्री और गिरेगा पारा।
खेती: सूखे पड़ रहे खेतों को मिली संजीवनी, खरीफ की फसलों और बुआई के कार्यों में आएगी तेजी।
मौसम का हाल: बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण अगले 4 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट।
कोरबा। लगभग दस दिनों से उमस भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान जिलेवासियों को गुरुवार दोपहर शुरू हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद शुरू हुई वर्षा शाम तक रुक-रुक कर होती रही, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। लंबे समय बाद हुई इस बारिश से सड़कों पर उड़ रही धूल भी थम गई है और लोगों ने चैन की सांस ली है।
37 डिग्री तक पहुंच गया था पारा, खेती हो रही थी प्रभावित
मौसम विभाग ने पहले ही बारिश की संभावना जताई थी। जुलाई की शुरुआत में हुई अच्छी बारिश के बाद करीब दस दिनों तक वर्षा नहीं होने से तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे लोग उमस से बेहाल थे और ग्रामीण इलाकों में खरीफ की खेती भी बुरी तरह प्रभावित हो रही थी।
गुरुवार की बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। खेतों में नमी लौटने से बुआई और अन्य कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, जानकारों का कहना है कि आधा आषाढ़ बीतने के बाद भी मानसून अब तक पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है, लेकिन आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर खेती को और बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।
आँकड़ों की नज़र से: बारिश के स्थिति
विवरण आंकड़े
अब तक हुई कुल बारिश 286.01 मिलीमीटर
10 सालों का औसत रिकॉर्ड. 373.7 मिलीमीटर
औसत बारिश का प्रतिशत. 76.6%
वर्तमान में बारिश की कमी. 23.4%
बंगाल में बने सिस्टम से बदला मौसम, अगले 4 दिन झमाझम
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल में बने एक नए वेदर सिस्टम की वजह से क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। गुरुवार को कोरबा शहर के अलावा कटघोरा, पाली और बरपाली क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम वैज्ञानिक का अनुमान:
“बारिश थमने के बाद भी तापमान जो 35 डिग्री पर था, उसमें अब दो डिग्री की कमी आई है। अगले 4 दिनों तक गरज-चमक के साथ कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की और गिरावट देखी जा सकती है।”

7974214821


