कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां पीपल पेड़ पर चढ़कर डाल काटते समय एक अधेड़ मजदूर हाई वोल्टेज (11 KV) करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां छह दिनों तक चले इलाज के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है।
रायगढ़ का रहने वाला था मृतक, खरमोरा के अटल आवास में काम करने के दौरान हुआ हादसा; पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई।
आंगन की सफाई के लिए काट रहा था डाल
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मंतोष उर्फ संतोष राम चौहार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम मोहनपुर (थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़) का निवासी था और वर्तमान में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत अटल आवास खरमोरा में रहकर रोजी-मजदूरी करता था।
पिछले कुछ दिनों से वह खरमोरा निवासी आकाश चौहान के यहाँ काम कर रहा था। आकाश के घर की बाउंड्रीवॉल के पास एक पीपल का पेड़ है, जिसकी डालियां फैलने के कारण आंगन में गंदगी हो रही थी। इस समस्या से निजात पाने के लिए आकाश ने पेड़ की डाल कटवाने का फैसला किया।
11 KV तार की चपेट में आने से झुलसा
मकान मालिक के कहने पर संतोष पीपल के पेड़ पर चढ़कर डाल की कटाई कर रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान पास से गुजर रही 11 केव्ही (KV) की हाई-टेंशन लाइन पर नहीं गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि वह पेड़ पर ही बुरी तरह झुलस गया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम उसे बचाने का लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण 21 मई की मध्यरात्रि को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। शुक्रवार दोपहर को लैलूंगा से मृतक के भाई और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे, जिनकी मौजूदगी में पुलिस चौकी ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

7974214821


