कोरबा | जिले की सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं और ‘फर्राटे’ भरने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। हाईवे पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस अब इंटरसेप्टर वाहनों के जरिए हाई-टेक चेकिंग अभियान चला रही है।
एसपी के निर्देश पर सड़कों पर उतरी टीम
पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं एएसपी कोरबा लखन पटले व एएसपी कटघोरा नीतिश ठाकुर के निर्देशन में जिले के मुख्य मार्गों और हाईवे पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को यातायात पुलिस की टीम ने कटघोरा-पाली और कटघोरा-बांगो मार्ग पर मोर्चा संभाला।
इंटरसेप्टर से मापी जा रही गति
हाईवे पर तैनात इंटरसेप्टर वाहन के जरिए पुलिस ने दूर से ही तेज रफ्तार वाहनों की गति को ट्रेस किया। निर्धारित सीमा से अधिक गति में पाए गए वाहनों को रोककर उन पर चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि “रफ्तार का रोमांच जानलेवा हो सकता है, नियमों का पालन ही सुरक्षा की गारंटी है।”
शहर के भीतर भी सघन जांच अभियान
सिर्फ हाईवे ही नहीं, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने चौक-चौराहों पर वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी और संदिग्ध रूप से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई।
- यातायात पुलिस की अपील: “सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन सकती है।”

7974214821

