सक्ती | सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में नहाने के दौरान झरने के तेज बहाव में बहे युवक का शव करीब 24 घंटे बाद बुधवार (28 जुलाई) को बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान दुर्ग-भिलाई निवासी 20 वर्षीय प्रतीक कंवर के रूप में हुई है।
दोस्तों के साथ आया था सक्ती भ्रमण पर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक कंवर अपने पांच दोस्तों—उदय साहू, चेलक लहरे, तेजस साहू, साहिल राव और योगेश वर्मा के साथ दुर्ग-भिलाई से सक्ती जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों की सैर पर निकला था। सोमवार शाम सभी दोस्त रैनखोल पहुंचे थे और वहां रुकने के बाद मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे दमाऊधारा झरना देखने आए थे।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
मंगलवार को दमाऊधारा में नहाते समय प्रतीक अचानक झरने के तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आ गया और देखते ही देखते आंखों के सामने ओझल हो गया। दोस्तों की सूचना पर नगरदा थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
मंगलवार को दिनभर चले तलाशी अभियान के बाद आखिरकार बुधवार को पुलिस और गोताखोरों की टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया। नगरदा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

7974214821








