कोरबा। जिला पुलिस को अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। उरगा पुलिस ने कनकी मार्ग पर घेराबंदी कर एक माजदा वाहन को पकड़ा है, जिसमें बेहद शातिर तरीके से सीट और टीन से छिपाकर ले जाया जा रहा 10 टन अवैध कबाड़ बरामद किया गया है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह कबाड़ बालको क्षेत्र के किसी बड़े कबाड़ व्यवसायी का है, जिसे खपाने के लिए पड़ोसी जिले में भेजा जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के सख्त निर्देश और एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कोरबा से कनकी की ओर एक सफेद रंग के माजदा वाहन में भारी मात्रा में अवैध कबाड़ लोड कर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही उरगा पुलिस तत्काल हरकत में आई और कनकी मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास घात लगाकर बैठ गई।
जांच में खुला राज: सीट और टीन के नीचे छिपा था कबाड़
जैसे ही माजदा वाहन (क्रमांक CG 12 AM 3378) मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक लिया। वाहन का ट्राला पूरी तरह से सीट और टीन से ढंका हुआ था, ताकि किसी को शक न हो। जब पुलिस ने ऊपर ढंके टीन को हटवाकर देखा, तो नीचे भारी मात्रा में लोहा और अन्य कबाड़ भरा हुआ था।
वाहन चालक का खुलासा:
पूछताछ में चालक ने अपना नाम अरुण कुमार कर्ष बताया। उसने खुलासा किया कि गाड़ी में लोड कबाड़ राजेश साहू नामक व्यक्ति का है। चालक कबाड़ से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने वाहन और कबाड़ को जब्त कर लिया।
SECL और औद्योगिक संयंत्रों से किया जा रहा संपर्क
पकड़े गए कबाड़ में कई ऐसे कीमती सामान और कलपुर्जे मिले हैं, जिनका इस्तेमाल खदानों (SECL) और बड़े औद्योगिक संयंत्रों में किया जाता है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कहीं यह सामान चोरी का तो नहीं है।
- कबाड़ की सही पहचान के लिए पुलिस द्वारा SECL और अन्य औद्योगिक प्रबंधन को पत्राचार (Letter) किया जा रहा है।
- पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी होने के बाद इस अवैध कारोबार में संलिप्त मुख्य आरोपियों के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

7974214821


