कोरबा | बांकीमोगरा थाना क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह ने पुलिस की चौकसी को धता बताते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इलाके के निगरानी बदमाश धरम सिंह राजपूत और राजा खान को जेल भेजने के बाद पुलिस को लग रहा था कि अब क्षेत्र में शांति है, लेकिन शातिर चोरों ने इस मुगालते को तोड़ दिया है।
इस बार चोरों ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के तार और पोल पार कर दिए हैं।
बंद पड़ी नई लाइन को बनाया निशाना
कटघोरा उपसंभाग (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम जवाली से ग्राम सिंघाली के बीच देवरी और आसपास के गांवों को जोड़ने के लिए 11 के.व्ही. की नई विद्युत लाइन खींची गई थी। चूंकि अभी काम पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ था, इसलिए इस लाइन में करंट (बिजली) चालू नहीं किया गया था। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया।
12-13 मई की रात को अंजाम दी वारदात
12 और 13 मई की दरम्यानी रात को अज्ञात चोरों ने जवाली से सिंघाली के बीच करीब 1 किलोमीटर के दायरे में धावा बोला। चोरों ने बिजली सप्लाई के 13 नग पोल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें लगे करीब 3100 मीटर तार को काटकर समेट ले गए।
लाखों का हुआ नुकसान
विद्युत विभाग द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, चोरी और तोड़फोड़ में भारी नुकसान हुआ है:
नुकसान का विवरण, अनुमानित लागत (रुपये में)
चोरी गए 3100 मीटर तार की कीमत ₹1,86,270
क्षतिग्रस्त किए गए 13 विद्युत पोल की कीमत ₹41,548
कुल अनुमानित नुकसान ₹2,27,818
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
कटघोरा वितरण केंद्र के सहायक अभियंता (Assistant Engineer) रंजित ने इस पूरी घटना की रिपोर्ट बांकीमोगरा थाना में दर्ज कराई है। सहायक अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

7974214821


